रायगढ़: एक मई तक चलेगा केसीसी बनाने के लिए विशेष शिविर…कलेक्टर भीम सिंह ने लीड बैंक, कृषि, उद्यानिकी, मछली पालन विभागों की ली समीक्षा…
रायगढ़। कलेक्टर भीम सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि, उद्यानिकी, मछली पालन एवं लीड बैंक की संयुक्त बैठक ली। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मछली पालन तथा उद्यानिकी विभाग अन्तर्गत बनाये जा रहे केसीसी निर्माण की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों को केसीसी बनाने के कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पूर्व में किसानों को केवल कृषि के लिए ही ऋण प्रदाय किया जाता था। शासन ने किसानों को सभी प्रकार के कृषि के लिए ऋण उपलब्ध कराने के लिए केसीसी निर्माण करवाया जा रहा है, जिसे तेजी से बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत केसीसी के माध्यम से आसानी से ऋण उपलब्ध होने से किसान दलहन, तिहलन एवं मछली पालन जैसे कृषि के लिए प्रोत्साहित होंगे। कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशन में कृषि विभाग, पशुपालन, मछली पालन एवं उद्यानिकी द्वारा केसीसी बनाने के लिए 1 मई तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें समिति प्रबंधक, सचिव आरएईओ आवेदन प्राप्त करेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के समस्त लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने हेतु यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोडऩे का लक्ष्य रखा है। जिले में लगभग 2 लाख 910 किसान प्रधानमंत्री किसान के लाभार्थी है व जिले में अभी तक लगभग 1 लाख 16 हजार 557 लाख किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये जा चुके हैं। शेष प्रधानमंत्री किसान योजना के लाभार्थी को भी केसीसी जारी किया जाना है। कलेक्टर श्री भीम सिंह द्वारा बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर कृषि हेतु ऋण उपलब्ध कराया जाता है। जिले के समस्त बैंको को भी निर्देश दिये कि वो इस अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करें व समस्त प्रधानमंत्री किसान योजना लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी करें।
उप संचालक कृषि हरिश राठौर, उप संचालक पशुपालन डॉ.आर.एच.पाण्डेय, सहायक संचालक मछली पालन एम.के.पाटले, लीड बैंक अधिकारी अमीनाथ महाली एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
