छत्तीसगढ़/कोरबा में बुधवार देर रात हाथी ने एक बुर्जुग महिला को पटक-पटक कर मार डाला। बस्ती में घुसे हाथियों से बचने के लिए लोग भाग रहे थे। इस दौरान एक परिवार ने बुजुर्ग महिला को बचने के लिए पैरावट में छिपा दिया। हाथी का पैर लगने पर महिला चिल्लाई तो हाथी ने उसे फुटबॉल की तरह किक मारकर जान ले ली। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथियों को जंगल की ओर भगाया। घटना कटघोरा वन मंडल की है।
जानकारी के मुताबिक, पोड़ीकला पंचायत के ग्राम तुमाबहार में गुरुवार देर रात हाथियों ने धावा बोल दिया। शोर सुनकर लोग जागे तो हाथियों को देख जान बचाकर भागने लगे। इस दौरान गांव की 70 साल की महिला कुंवरिया को गोद में उठाकर उसके परिजनों ने भी भागने का प्रयास किया। थोड़ी दूर जाने पर थके तो महिला को धान के पैरावट में छिपा दिया। इस दौरान एक हाथी का पैर पैरावट में गया तो चोट लगने से कुंवरिया चिल्लाने लगी।

शोर सुनकर जोरदार किक मारी
इस पर हाथी ने उसे पैरों से जोरदार किक मारी। इस पर वह दूर जाकर गिरी। इसके बाद हाथी उसे कुचलने के लिए दौड़ा लेकिन शोर सुनकर दूसरी ओर मुड़ गया। हाथियों के जाने के बाद परिजन दौड़कर वृद्धा के पास पहुंचे तो वह घायल हालत में पड़ी हुई थी। इस पर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल वन विभाग की टीम ने परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के तौर पर 25 हजार रुपए दिए हैं।
वन परिक्षेत्र में 45 हाथियों का दल घूम रहा
बताया जा रहा है कि वन परिक्षेत्र मसान में 45 हाथियों का दल घूम रहा है। उनके डर के चलते ग्रामीण रात को जागने के लिए मजबूर हैं। गांव में चौकीदारी करते हैं और हाथियों के आने पर शोर मचाकर सचेत करते हैं। फिलहाल घटना की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथियों को जंगल मे खदेड़ दिया है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है।

- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
