सारंगढ़। दीपावली पर्व पर महिला स्व-सहायता समूहों के स्वावलंबन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान से जुड़ी महिलाओं ने अपने स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए। मिट्टी के दीपक, मिठाइयां, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और बांस से बनी पारंपरिक घरेलू वस्तुओं से सजे स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और जिला पंचायत के सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने स्टॉलों से खरीदारी कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने महिला समूहों के स्टॉलों का अवलोकन कर उनके उत्पादों, कार्यों और आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों और विशेष अवसरों पर बिहान की दीदियों द्वारा तैयार स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे महिला समूहों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और उनकी आय बढ़ाने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में रोशनी संकुल संगठन की महिलाओं ने मिट्टी के दीपक, पेड़ा, देशी गाय के घी से बने उत्पाद, झालर और पर्दे प्रदर्शित किए। वहीं, साथी आजीविका केंद्र के स्टॉल पर अचार, पूजा थाली, गिफ्ट टोकरी, दीपक, झालर, साबुन और हाथों से तैयार की गई रुई की बातियां उपलब्ध रहीं। इन उत्पादों के माध्यम से महिलाओं ने अपनी मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता का परिचय दिया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने महिला समूहों से मिठाइयां, दीपक और बातियां खरीदीं। जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं को प्रोत्साहित किया। अधिकारियों की इस पहल से समूह की महिलाओं में उत्साह देखने को मिला।
इसी क्रम में भाटाकोना के तुलसी समूह ने बांस से तैयार झाड़ू, टोकरी, सूपा, पर्री सहित विभिन्न पारंपरिक घरेलू उपयोग की वस्तुओं का स्टॉल लगाया। स्थानीय संसाधनों से तैयार इन उत्पादों ने ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक कौशल और स्वरोजगार की संभावनाओं को सामने रखा।
दीपावली के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस पहल ने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और महिला स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने का संदेश दिया। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से त्योहार की खुशियों के साथ महिलाओं की मेहनत को सम्मान और उनके परिवारों की आजीविका को संबल मिल सकता है।
- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
