सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। भटगांव तहसील के ग्राम धारासींव में 30 हेक्टेयर भूमि पर नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे जिले में उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
राज्य शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अनुरूप प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र का विकास छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड, रायपुर द्वारा किया जाएगा। यहां विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योगों की स्थापना के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने और उद्यमियों को निवेश के लिए बेहतर वातावरण मिलने की संभावना है।
कई तरह के उद्योगों की स्थापना का मिलेगा अवसर
प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज आधारित उद्योग, कृषि आधारित इकाइयां, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, हस्तशिल्प, हथकरघा, डेयरी, सोलर ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, पेपर, फर्नीचर, प्लाईवुड, ईंट निर्माण तथा प्लास्टिक आधारित उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे। इन उद्योगों के माध्यम से स्थानीय संसाधनों का उपयोग बढ़ाने के साथ छोटे-बड़े उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिल सकता है।
30 हेक्टेयर भूमि चिन्हांकित
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। ग्राम धारासींव स्थित खसरा क्रमांक 2008/1/क की कुल 83.552 हेक्टेयर भूमि में से 30 हेक्टेयर भूमि को इसके लिए चिन्हांकित किया गया है। प्रस्तावित स्थल भटगांव से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर तथा आबादी क्षेत्र से करीब 500 मीटर दूर स्थित है।
उद्योगों के लिए विकसित होंगी मूलभूत सुविधाएं
प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना और संचालन को सुगम बनाने के लिए सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्यमियों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से भूमि आवंटित करने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत पात्र उद्यमियों को निर्धारित प्रोत्साहन एवं सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों के लिए पृथक भूमि का प्रावधान भी रखा गया है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार, पलायन में कमी की उम्मीद
धारासींव में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को जिले के आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उद्योग स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। साथ ही परिवहन, निर्माण, आपूर्ति, श्रमिक सेवाओं और छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
वर्तमान में रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जाने वाले युवाओं को यदि जिले में ही काम के अवसर उपलब्ध होते हैं, तो पलायन में कमी लाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, भूमि आवंटन और उद्योगों का संचालन आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। प्रस्ताव के धरातल पर उतरने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
