सारंगढ़। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सरिया और सरसींवा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कुल 12 वाहन एवं मशीनें जब्त कर थाना अभिरक्षा में रखी गई हैं। वहीं, पूर्व में की गई कार्रवाई के एक प्रकरण में शासन के मद में एक लाख रुपये की राशि जमा कराई गई है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को ग्राम जोतपुर-बोंदा, सरिया क्षेत्र में मुरुम के अवैध उत्खनन के मामले में दो जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। इसी तरह 13 अक्टूबर को ग्राम ओडकाकन, सरसींवा क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन के दौरान एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। इसके बाद 14 अक्टूबर को सरिया क्षेत्र में रेत परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई।
विभाग ने बताया कि इससे पहले 21 सितंबर को ग्राम ओडकाकन में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक लोडर और दो ट्रैक्टर जब्त किए गए थे। इस प्रकरण में नियमानुसार एक लाख रुपये की राशि शासन के मद में जमा कराई गई थी।
खनिज विभाग द्वारा यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों एवं मशीनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन पर अंकुश लगाने और शासन के राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मुरुम एवं रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

