सारंगढ़। बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारी के बेहतर उपचार, नियमित देखभाल और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को जिला चिकित्सालय में टाइप-1 डायबिटीज क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय गरिमामय अतिथि के रूप में शामिल हुए।
राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस पहल में विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन (WJCF) छत्तीसगढ़ की ओर से डॉ. स्वाति शर्मा ने विशेष तकनीकी सहयोग प्रदान किया। क्लिनिक के माध्यम से टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को नियमित जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
क्लिनिक का संचालन प्रत्येक बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। यहां डॉ. भारती पटेल एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्य दल बच्चों की जांच, उपचार और नियमित फॉलो-अप करेंगे। शुभारंभ के पहले ही दिन छह बच्चों का पंजीयन किया गया तथा उन्हें निःशुल्क इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूको-स्ट्रिप्स युक्त मेडिकल किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों की देखभाल में नियमित निगरानी, समय पर इंसुलिन और संतुलित खान-पान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों को हाइपोग्लाइसीमिया यानी रक्त में शुगर की कमी तथा हाइपरग्लाइसीमिया यानी रक्त में शुगर की अधिकता के लक्षणों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही बच्चों की इंसुलिन खुराक, भोजन के समय और दैनिक दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
वहीं, आर.एम.ओ. डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे ने क्लिनिक में उपलब्ध जांच सुविधाओं, नियमित फॉलो-अप व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। इस पहल से जिले के टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को व्यवस्थित उपचार एवं निरंतर चिकित्सकीय निगरानी का लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी और बच्चों के परिजन उपस्थित रहे।



- सारंगढ़ : नाले के पास संदिग्ध अवस्था में मिला पंच का शव..परिजनों व ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका.. - October 15, 2026
- फर्सवानी बना अवैध शराब का गढ़…बेखौफ माफियाओं की धमकियों से दहला गांव..पंचायत की महिलाओं ने एसपी’ की चौखट पर लगाई गुहार.. - October 15, 2026
- सांस्कृतिक उत्सव के नाम पर अव्यावहारिक फरमान..बिलाईगढ़ की ‘विनायक अकादमी’ के निर्देश से पालकों की बढ़ी परेशानी…प्रशासन एवं DEO से हस्तक्षेप की मांग.. - October 15, 2026
