सारंगढ़। छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ की आवश्यक बैठक 14 अक्टूबर को शाम 5 बजे पुष्पवाटिका सारंगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, पुनर्गठन और शिक्षक-कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से महंगू दास भारद्वाज को कार्यकारी जिलाध्यक्ष, दुजराम कुर्रे को जिला उपाध्यक्ष, दउवा टंडन को सहसचिव तथा भूपेंद्र जांगड़े को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बैठक में शिक्षक-कर्मचारियों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया। इनमें सर्विस बुक का संधारण, शासन स्तर पर लंबित महंगाई भत्ता (डीए), जनगणना कार्य तथा संकुल समन्वयकों द्वारा किए गए कार्यों के एवज में अर्जित अवकाश सहित कर्मचारियों की अन्य लंबित समस्याएं प्रमुख रहीं। पदाधिकारियों ने इन मुद्दों पर चर्चा करते हुए समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित मंचों पर प्रभावी पहल करने की बात कही।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक-कर्मचारियों की जायज मांगों को उचित मंच पर मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना संगठन की प्राथमिकता है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों को संघ से जोड़ने तथा ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर भी सहमति बनी। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। आपसी समन्वय, सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
बैठक में जिला अध्यक्ष विमल कुमार अजगल्ले, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार मनहर, बिलाईगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुंदर लाल जाटवर तथा बरमकेला ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत वर्मा सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी रामलाल खुराना, भुनेश्वर बेरकर, दउवा टंडन और दुजराम कुर्रे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा उनके अधिकारों एवं हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। संघ ने स्पष्ट किया कि शिक्षक-कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और न्यायोचित मांगों की लड़ाई में संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
उक्त जानकारी क्रांतिकारी शिक्षक संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष एम.डी. भारद्वाज, ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र मनहर, जिला महामंत्री भूपेंद्र जांगड़े एवं मीडिया प्रभारी भुनेश्वर बेरकर ने संयुक्त रूप से दी।
- सारंगढ़ : नाले के पास संदिग्ध अवस्था में मिला पंच का शव..परिजनों व ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका.. - October 15, 2026
- फर्सवानी बना अवैध शराब का गढ़…बेखौफ माफियाओं की धमकियों से दहला गांव..पंचायत की महिलाओं ने एसपी’ की चौखट पर लगाई गुहार.. - October 15, 2026
- सांस्कृतिक उत्सव के नाम पर अव्यावहारिक फरमान..बिलाईगढ़ की ‘विनायक अकादमी’ के निर्देश से पालकों की बढ़ी परेशानी…प्रशासन एवं DEO से हस्तक्षेप की मांग.. - October 15, 2026
