सारंगढ़-बिलाईगढ़:
बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत मंधाईभाठा स्थित निजी शिक्षण संस्थान ‘विनायक अकादमी’ द्वारा आगामी सांस्कृतिक उत्सव को लेकर जारी किए गए फरमान से अभिभावकों में गहरा असंतोष फैल गया है। विद्यालय प्रशासन ने कक्षा पहली के 5 से 6 वर्ष के छोटे बच्चों के लिए पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम की संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने का निर्देश दिया है। इसके तहत पालकों से कहा गया है कि वे अपने बच्चों के लिए मिजोरम की पारंपरिक वेशभूषा जैसे ‘पावह’, ‘पुआन’, ‘रिसाल’, हेडबैंड, पारंपरिक जूते और आभूषणों की व्यवस्था करें। इसके साथ ही खान-पान में बांस की शूट और स्मोक्ड मीट (शाकाहारी विकल्प सहित) जैसे विशिष्ट मिजो व्यंजन तैयार कर बच्चों के साथ भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ के एक ग्रामीण व कस्बाई परिवेश में पूर्वोत्तर राज्य की ऐसी दुर्लभ वेशभूषा, आभूषण और विशिष्ट खान-पान की सामग्रियां जुटाना आम परिवारों के लिए व्यावहारिक और आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है। स्थानीय बाजारों में इन सामग्रियों की अनुपलब्धता के कारण अभिभावक परेशान हैं और उन पर अचानक अनावश्यक आर्थिक बोझ आ पड़ा है। पालकों का कहना है कि वे बच्चों को देश की विविध संस्कृतियों से परिचित कराने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन प्राथमिक कक्षा के स्तर पर इस तरह की दुर्लभ और खर्चीली व्यवस्थाएं घर से जुटाने के लिए विवश करना पूरी तरह अनुचित है।
अभिभावकों का आरोप है कि इस प्रकार की अत्यधिक दिखावे वाली गतिविधियों से बच्चों में हीनभावना और मानसिक तनाव पैदा होता है तथा उनकी मूल शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ता है। निजी स्कूलों द्वारा प्रोजेक्ट और सांस्कृतिक आयोजनों के नाम पर आए दिन किए जा रहे ऐसे अव्यवहारिक प्रयोगों को देखते हुए क्षेत्र के जागरूक नागरिकों और पालकों ने जिला कलेक्टर तथा जिला शिक्षा अधिकारी से तत्काल मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। अभिभावकों ने मांग की है कि प्रशासन इस पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि निजी शिक्षण संस्थान इस तरह के आयोजनों को स्वैच्छिक रखें या आवश्यक सामग्री विद्यालय स्तर पर स्वयं उपलब्ध कराएं, जिससे परिवारों पर आर्थिक व मानसिक दबाव न बने।
इस मामले में विद्यालय प्रबंधन का पक्ष जानने हेतु संपर्क साधने का प्रयास किया गया, किंतु प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी समाहित किया जाएगा…
- सारंगढ़ : नाले के पास संदिग्ध अवस्था में मिला पंच का शव..परिजनों व ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका.. - October 15, 2026
- फर्सवानी बना अवैध शराब का गढ़…बेखौफ माफियाओं की धमकियों से दहला गांव..पंचायत की महिलाओं ने एसपी’ की चौखट पर लगाई गुहार.. - October 15, 2026
- सांस्कृतिक उत्सव के नाम पर अव्यावहारिक फरमान..बिलाईगढ़ की ‘विनायक अकादमी’ के निर्देश से पालकों की बढ़ी परेशानी…प्रशासन एवं DEO से हस्तक्षेप की मांग.. - October 15, 2026
