सारंगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत मंगलवार को जिला सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में सेवा ज्योति यात्रा एवं विशाल रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुना।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा रही है। यह केवल उनकी व्यक्तिगत यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास और सहयोग से आगे बढ़ने वाली यात्रा है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्रत्येक नागरिक का संकल्प बताते हुए सेवा की भावना को हर बूथ और हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने विधिवत मशाल प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा खेलभांठा मैदान परिसर से प्रारंभ होकर भारत माता चौक होते हुए जवाहर भवन पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। समापन के बाद उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल, भुवन मिश्रा, बरत, भरत जाटवर, हरिनाथ खूंटे सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए भाजपा के बैनरों और पार्टी से जुड़े प्रचारात्मक स्वरूप को लेकर लोगों के बीच चर्चा भी होती रही। उपस्थित लोगों में यह चर्चा का विषय रहा कि आयोजन का स्वरूप शासकीय था या राजनीतिक। एक ओर जहां कार्यक्रम में शासन स्तर की गतिविधियां नजर आईं, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी तथा पार्टी के बैनरों ने आयोजन के स्वरूप को लेकर लोगों के बीच सवाल खड़े किए।

