सारंगढ़। जिले की प्राचीन एवं ऐतिहासिक नगरी ग्राम कोसीर स्थित प्रसिद्ध मां कुशलाई मंदिर में शारदीय नवरात्र पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होकर 19 अक्टूबर तक चलने वाले नौ दिवसीय नवरात्र पर्व को लेकर ग्राम पंचायत एवं मंदिर समिति द्वारा मंदिर परिसर की साज-सज्जा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नवरात्र के दौरान मां कुशलाई के दर्शन के लिए अंचल सहित दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। जगह-जगह पंपलेट एवं पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जबकि मंदिर परिसर को आकर्षक बनाने के लिए लाइटिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मां कुशलाई मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। नवरात्र के अवसर पर यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालु मंदिर एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों के माध्यम से ज्योति कलश की रसीद कटाकर माता के दरबार में मनोकामना दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। क्षेत्र में मान्यता है कि सच्चे मन से मां कुशलाई की आराधना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते नवरात्र में मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
नवरात्र पर्व के दौरान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय भव्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में घरेलू उपयोग की सामग्री, खिलौने, प्रसाधन सामग्री, खान-पान सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजेंगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए भी झूले एवं अन्य साधन उपलब्ध रहेंगे। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न श्रद्धालुओं एवं समितियों के सहयोग से निशुल्क महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तों को भोजन प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए ग्राम पंचायत कोसीर और मंदिर समिति लगातार जुटी हुई है। व्यवस्थापक एवं सरपंच सुमन राजेन्द्र राव के द्वारा मंदिर के पीछे स्थित तालाब की साफ-सफाई लगातार कराई जा रही है। वहीं मंदिर अध्यक्ष एवं संचालक उपसरपंच लता पोलेश्वर बनज के नेतृत्व में रंग-रोगन का कार्य पूरा कराया गया है। आकर्षक विद्युत सजावट, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से सुगमता से दर्शन कराने की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत कोसीर के युवा पंच श्याम पटेल ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों में मंदिर परिसर में माता जगराता, झांकी और लोककला मंच सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और समितियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। नवरात्र पर्व को लेकर कोसीर में अभी से भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया है तथा श्रद्धालु मां कुशलाई के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए बेसब्री से पर्व का इंतजार कर रहे हैं।
