सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के 25 वर्ष’ थीम पर समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से नशे की लत से व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को सामने रखा। नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इसके बाद खेलभांठा मैदान से नशा मुक्त भारत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों से नशे का त्याग करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
खेलभांठा मैदान में प्रतिभागियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश भी दिया गया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर राणा विजय ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने में प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग से विनय तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से सारंगढ़ में स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।


- नन्हीं लीया बनी ‘नन्हीं रिपोर्टर’, डीईओ से किया बेबाक सवाल… - October 3, 2026
- गांधी-शास्त्री को नमन, नपा चुनाव पर कांग्रेस में मंथन… - October 3, 2026
- बुनकरी से बदलेगी सपेरा बस्ती की तकदीर, 40 महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर… - October 3, 2026
