सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ नगर पंचायत के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) यशवंत देवांगन को नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 25 सितंबर 2026 को जारी आदेश के बाद नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था में हड़कंप मच गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रभारी CMO यशवंत देवांगन पर ‘वूमेन फॉर टी’ से संबंधित भुगतान लंबित रखने, नगर पंचायत परिषद के निर्धारित एजेंडा क्रमांक 21 में कूटरचना कर मूल विषय के स्थान पर अन्य विषय प्रस्तुत करने तथा स्वच्छता दीदियों के साथ अमर्यादित एवं अशोभनीय व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। इन मामलों में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन आदेश के मुताबिक कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी। निलंबन अवधि के दौरान यशवंत देवांगन का मुख्यालय क्षेत्रीय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, बिलासपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।

पदभार संभालते ही विवादों में आए थे CMO
यशवंत देवांगन के बिलाईगढ़ नगर पंचायत में प्रभारी CMO के रूप में पदभार संभालने के बाद से ही वे अलग-अलग विवादों को लेकर चर्चा में रहे। कुछ समय पहले उनके द्वारा SDM, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के खिलाफ थाने में शिकायत किए जाने का मामला भी सामने आया था। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर SDM और तहसीलदार को वहां से हटाए जाने की कार्रवाई हुई थी।
इसके बाद नगर पंचायत से जुड़े एक जनप्रतिनिधि द्वारा भी CMO यशवंत देवांगन के खिलाफ शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे विवादों के बीच अब नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा उन्हें निलंबित किए जाने से बिलाईगढ़ नगर पंचायत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
फिलहाल निलंबन आदेश जारी होने के बाद नगर पंचायत की आगामी प्रशासनिक व्यवस्था और नए प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

- सरसीवां में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, नमामि भारतम् में दिखी राष्ट्रभक्ति… - September 25, 2026
- प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ की मुहिम तेज, बारिश में भी सड़क पर उतरी नपा की टीम… - September 25, 2026
- बिनोद भारद्वाज का बड़ा हमला नंदीग्राम में मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत… - September 25, 2026
