सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 24 सितंबर को कोतरी में कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित विभागों को आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
कोतरी में स्वच्छता को लेकर जागरूकता:
कोतरी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इस दौरान ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, जैविक कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने तथा कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा। जनपद पंचायत बरमकेला के अधिकारी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

बरमकेला में लगेगा स्वास्थ्य शिविर:
‘सेवा, मेरा योगदान’ पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और विभागीय स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। जरूरत के अनुसार मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जनभागीदारी को मिल रहा बढ़ावा:
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता, स्वास्थ्य, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों को गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने और ‘सेवा, मेरा योगदान’ की भावना को मजबूत करने की अपील की है।
- सारंगढ़ में फ्लाई ऐश के दो हाईवा जब्त, ओवरलोडिंग पर शिकंजा… - September 23, 2026
- महिला शिक्षिकाओं की भूमिका पर मंथन, सारंगढ़ की रही दमदार भागीदारी… - September 23, 2026
- वरिष्ठ शिक्षाविद रामलाल बरिहा का निधन, समाज ने खोया अपना अग्रज… - September 23, 2026
