सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ का प्रांतीय महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह महासमुंद में भव्य रूप से आयोजित हुआ। सम्मेलन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सक्रिय सहभागिता रही। जिला अध्यक्ष रामकुमार साहू एवं सचिव योगेंद्र पड़वार के नेतृत्व में जिले की महिला शिक्षिकाओं एवं शिक्षक पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
सम्मेलन में प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों के साथ प्रदेश के सभी 33 जिलों से करीब 1600 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में महिला शिक्षकों की भूमिका, परिवार से राष्ट्र निर्माण, शिक्षा के क्षेत्र की चुनौतियां, संस्कार तथा भारतीय संस्कृति के व्यावहारिक क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चिंतन-मंथन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में संस्कार, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसी दौरान प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर ने शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से रखते हुए पत्र सौंपा। उन्होंने शिक्षक हित से जुड़े विषयों के शीघ्र समाधान की मांग की।
समारोह में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों सहित सभी महिला शिक्षकों का सम्मान किया। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को शिक्षा व्यवस्था में सर्वोपरि बताते हुए शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षक संघ द्वारा उठाई गई समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में सत्यनारायण साहू, बुद्धेश्वर कश्यप, विनोद भैना, मूलचंद देवांगन, गौरीशंकर कर्ष, कमलेश्वर साहू, दीपक पटेल, रामेश्वर साहू, छाया साहू, पुष्पा साहू, सीमा पांडेय, नमिता तिवारी, तेजेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

- सेवा संकल्प को जनआंदोलन बनाने जुटे सामाजिक संगठन… - September 23, 2026
- ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का कलेक्टर ने लिया जायजा… - September 23, 2026
- खेलभाठा में जिला स्तरीय योग-ध्यान सत्र हजारों ने किया योग… - September 23, 2026
