सारंगढ़, 20 सितंबर। सारंगढ़ थाना क्षेत्र के धौराभाटा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के गंभीर मामले में सारंगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देश पर गंभीर अपराधों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन एवं एसडीओपी श्री गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहन विवेचना करते हुए आरोपी सुबेलाल चौहान पिता जगतराम, उम्र 41 वर्ष, निवासी धौराभाटा को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि 18 सितंबर 2026 को प्रार्थी अंचल चौहान निवासी धौराभाटा ने थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता च्यवन लाल चौहान के साथ उनके चचेरे भाई सुबेलाल चौहान ने डंडे से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई है। घायल च्यवन लाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 466/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की जांच में थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। साथ ही शव का निरीक्षण एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास मौजूद लोगों से सूक्ष्मता से पूछताछ करते हुए घटना के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना शुरू किया।
जांच में सामने आया कि 18 सितंबर को मृतक च्यवन लाल चौहान गणेश पंडाल से भजन की पुस्तक लेने के लिए अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान घर के सामने उसका चचेरा भाई सुबेलाल चौहान बैठा था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच जमीन के हिस्से को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित रूप से डंडे से च्यवन लाल के सिर पर वार कर दिया और मौके से भाग गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल च्यवन लाल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा आरोपी सुबेलाल चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की तथा उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी सुबेलाल चौहान को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद और थाना प्रभारी प्रमोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में एएसआई प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, सोनसाय यादव, महेंद्र मार्को, आरक्षक विमल जांगड़े, भारत भूषण, नंदू भारद्वाज, योगेश सहित थाना सारंगढ़ के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
गंभीर अपराध में तेजी से जांच, साक्ष्य जुटाने और आरोपी की गिरफ्तारी से सारंगढ़ पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। एसपी सुनील शर्मा के स्पष्ट निर्देशों के साथ थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सक्रियता और टीम की तत्परता से मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई को अंजाम दिया।

- शनिवार को चमका बॉक्स ऑफिस, करीना-पृथ्वीराज की फिल्म की कमाई में उछाल… - September 20, 2026
- छत्तीसगढ़ कृषि विभाग के कर्मचारियों का वेतन और भत्ता बढ़ेगा, सरकार ने बिलासपुर हाई कोर्ट में दी जानकारी… - September 20, 2026
- छत्तीसगढ़:स्कूल में अजीबोगरीब मामला, 9वीं के छात्र पर तंत्र क्रिया का आरोप, बिना बताए थमाई टीसी… - September 20, 2026
