सारंगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सारंगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं डीएसपी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF और थाना बरमकेला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.670 किलोग्राम गांजा, ग्रे वैगनर कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 9,41,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध ग्रे रंग की वैगनर कार क्रमांक CG13 AE 3695 आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोकने की कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही कार का चालक वाहन से उतरकर मौके से फरार हो गया, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तूकेश्वर साहू पिता तेरस राम साहू, निवासी ग्राम रोगदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में रखी काली बोरी से 14 पैकेटों में कुल 14.670 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 9,41,500 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से गांजा खरीदकर बिनका–सोहेला–बरमकेला मार्ग से होते हुए खरसिया, जिला रायगढ़ में इसकी खपत करने के लिए ले जा रहा था। मामले में पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े स्रोत, नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की इंड-टू-इंड जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं फरार चालक की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
सारंगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- दिल्ली की जिम्मेदारी से बढ़ा छत्तीसगढ़ का गौरव, अमर पारवानी बने कैट के प्रदेश प्रभारी… - September 16, 2026
- सारंगढ़:कलेक्टर पद्मिनी साहू ने बताया सेवा संकल्प अभियान का पूरा प्लान, 17 सितंबर को जिले में जगमगाएंगे 5 लाख से अधिक दीप… - September 16, 2026
- सारंगढ़:ऋषि पंचमी पर गूंजे काश्यप मुनि के जयकारे, एकता और भाईचारे का दिया संदेश… - September 16, 2026
