सारंगढ़। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा एवं समर्पण तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलेभर में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय स्थित अटल परिसर में दीया वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत सीईओ ऋषि केश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर विजय राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, दुर्गा सिंह ठाकुर सहित पार्षदगण तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जिले में 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में दीया जलाकर इस जनभागीदारी अभियान का हिस्सा बनें। प्रशासन के अनुसार इस पहल के माध्यम से जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी। अभियान में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
गांव से लेकर जिला स्तर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने जिलेवासियों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में दीया प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।


- दिल्ली की जिम्मेदारी से बढ़ा छत्तीसगढ़ का गौरव, अमर पारवानी बने कैट के प्रदेश प्रभारी… - September 16, 2026
- सारंगढ़:कलेक्टर पद्मिनी साहू ने बताया सेवा संकल्प अभियान का पूरा प्लान, 17 सितंबर को जिले में जगमगाएंगे 5 लाख से अधिक दीप… - September 16, 2026
- सारंगढ़:ऋषि पंचमी पर गूंजे काश्यप मुनि के जयकारे, एकता और भाईचारे का दिया संदेश… - September 16, 2026
