सारंगढ़। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा एसडीओपी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी एवं भटगांव पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलोग्राम अवैध गांजा और मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को थाना भटगांव के सामने मेन रोड पर पुलिस टीम द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हीरो होंडा सीडी डीलक्स क्रमांक CG 11 CF 3998 को रोककर जांच की गई। वाहन के हैंडल में टंगे सफेद प्लास्टिक थैले की तलाशी लेने पर उसमें दो पैकेटों में रखा करीब 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने आरोपी अशोक श्रीवास (34 वर्ष), निवासी आमाखोहा, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बरामद गांजा एवं मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा गांजा ओडिशा से खरीदकर राजादेवरी-कसडोल-भटगांव मार्ग से डभरा क्षेत्र में खपाने की योजना की जानकारी दिए जाने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस अब गांजा के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही अवैध नशे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाले आर्थिक सहायता के स्रोतों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा की नशे के खिलाफ सख्त रणनीति और थाना भटगांव पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है। लगातार वाहन चेकिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर दबाव बढ़ाया है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


- दिल्ली की जिम्मेदारी से बढ़ा छत्तीसगढ़ का गौरव, अमर पारवानी बने कैट के प्रदेश प्रभारी… - September 16, 2026
- सारंगढ़:कलेक्टर पद्मिनी साहू ने बताया सेवा संकल्प अभियान का पूरा प्लान, 17 सितंबर को जिले में जगमगाएंगे 5 लाख से अधिक दीप… - September 16, 2026
- सारंगढ़:ऋषि पंचमी पर गूंजे काश्यप मुनि के जयकारे, एकता और भाईचारे का दिया संदेश… - September 16, 2026
