सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी साहू ने पत्रकार वार्ता में सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिलेभर में सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार, नवाचार और जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ऋषि केश तिवारी सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्य जिला स्तरीय आयोजन शाम 7 बजे सारंगढ़ के खाड़ाबांध तालाब में होगा, जहां 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही 10 हजार से अधिक आटे के दीपों का प्रवाह भी किया जाएगा। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
जिले के 49 अमृत सरोवरों, 36 मंदिरों और 25 चयनित ग्रामों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत भवनों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और महतारी सदनों में भी दीप सजाए जाएंगे। जिले के करीब 88 हजार प्रधानमंत्री आवास हितग्राही तथा एनआरएलएम से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां भी अपने-अपने क्षेत्रों में दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता करेंगी।
विकासखंड स्तर पर भी विशेष आयोजन होंगे। टिमरलगा में मां नाथलदाई मंदिर के समीप 2100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बरमकेला के भिखमपुरा सपेरा बस्ती स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा। केडार में जल संसाधन विभाग द्वारा 2100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, जबकि बिलाईगढ़ के रायकोना अमृत सरोवर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों में अटल परिसर, भारत माता चौक और जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलन होगा। वहीं कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत और एसडीएम कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कलेक्टर पद्मिनी साहू ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 12 प्रमुख पहलें आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘सेवा-मेरा योगदान’, सेवा की प्रेरक कहानियां, विद्यार्थियों एवं युवाओं की रचनात्मक गतिविधियां, आंगनबाड़ी में सहभागिता, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा सेतु, सेवा ज्योति कलश यात्रा, नवाचार और जल संरक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके साथ ही 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सुबह 10 बजे सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित रक्तदान शिविर से होगी। इसके बाद पूरे एक माह तक अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी साहू ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने पर जोर देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान में प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण है। अभियान के माध्यम से सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।



- दिल्ली की जिम्मेदारी से बढ़ा छत्तीसगढ़ का गौरव, अमर पारवानी बने कैट के प्रदेश प्रभारी… - September 16, 2026
- सारंगढ़:कलेक्टर पद्मिनी साहू ने बताया सेवा संकल्प अभियान का पूरा प्लान, 17 सितंबर को जिले में जगमगाएंगे 5 लाख से अधिक दीप… - September 16, 2026
- सारंगढ़:ऋषि पंचमी पर गूंजे काश्यप मुनि के जयकारे, एकता और भाईचारे का दिया संदेश… - September 16, 2026
