सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 अगस्त 2026। रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया एवं जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े की उपस्थिति में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार सारंगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में जिले में डीएमएफ मद से संचालित विकास कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं और खनिज प्रभावित क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य दिनेश जांगड़े, जनपद पंचायत बरमकेला अध्यक्ष विद्या चौहान सहित खनिज प्रभावित क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद से जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों एवं प्रस्तावित कार्यों की विभागवार जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों में निर्धारित राशि के उपयोग तथा विकास कार्यों की प्रगति से सदस्यों को अवगत कराया।
डीएमएफ मद में 70 प्रतिशत राशि विकास एवं प्राथमिकता वाले कार्यों के लिए तथा शेष 30 प्रतिशत राशि आवश्यकतानुसार विभिन्न क्षेत्रों में जरूरी कार्यों पर खर्च किए जाने को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। खनिज प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं सहित आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने सेक्टर आधारित कार्यों एवं विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों की जानकारी डीएमएफ सदस्यों के समक्ष रखी। प्रस्तावों के अनुमोदन की प्रक्रिया, प्राथमिकता निर्धारण तथा जनहित में राशि के प्रभावी उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि डीएमएफ की राशि का उपयोग पारदर्शी तरीके से खनिज प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप किया जाए, ताकि इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिल सके। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों को गति देने और डीएमएफ मद का अधिकतम जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहा।

- रानीडीह के स्वप्निल ने रचा इतिहास, वुशु में मिला राज्य खेल अलंकरण… - August 31, 2026
- डीएमएफ पर महामंथन, खनिज प्रभावित क्षेत्रों में विकास को मिलेगी रफ्तार… - August 31, 2026
- दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसदों ने दिए सख्त निर्देश… - August 31, 2026
