सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में प्रशासनिक फेरबदल के तहत सारंगढ़ अनुविभाग के राजस्व प्रशासन की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, अपर कलेक्टर दशरथ सिंह राजपूत को आगामी आदेश तक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सारंगढ़ का संपूर्ण प्रभार अस्थायी रूप से सौंपा गया है। वहीं, डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू को शासन के स्थानांतरण आदेश के परिपालन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नवीन पदस्थापना के लिए भारमुक्त कर दिया गया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 29 सितंबर 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उमेश कुमार साहू का स्थानांतरण बलौदाबाजार-भाटापारा किया गया था। इसी के परिपालन में उन्हें 26 अक्टूबर को नवीन पदस्थापना स्थल के लिए भारमुक्त किया गया है।
इधर, सारंगढ़ अनुविभाग में प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए अपर कलेक्टर दशरथ सिंह राजपूत को SDM का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय तत्काल प्रभावशील होगा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का दायित्व क्षेत्र में राजस्व मामलों के निराकरण, प्रशासनिक समन्वय तथा आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों के निपटारे की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में दशरथ सिंह राजपूत को मिली यह जिम्मेदारी सारंगढ़ के प्रशासनिक कामकाज के लिहाज से अहम है।
आदेश की प्रतिलिपि संबंधित राज्य स्तरीय विभागों, बिलासपुर संभागायुक्त, कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा, पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
कलेक्टर के इस आदेश से सारंगढ़ में SDM का प्रभार अब दशरथ सिंह राजपूत संभालेंगे, जबकि उमेश कुमार साहू अपनी नवीन पदस्थापना के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा रवाना होंगे।
- सारंगढ़ SDM की कमान अब दशरथ सिंह राजपूत के हाथों में… - October 26, 2026
- हसौद क्षेत्र में काट पत्ती जुए की चर्चा, पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग… - October 25, 2026
- आवास अधूरे तो होगी राशि की वसूली, निरस्तीकरण की चेतावनी… - October 25, 2026
