सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 अगस्त 2026। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया और जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में हुई बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित योजनाओं की विभागवार प्रगति की जानकारी सांसदों एवं समिति के सदस्यों को दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीण विकास और रोजगार पर जोर
विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मजदूरी एवं सामग्री मद की राशि प्राप्त हो चुकी है और स्वीकृत कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ विकास कार्यों को गति देने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य पर भी काम किया जा रहा है।
किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कृषि विभाग ने जिले में संचालित योजनाओं, लक्ष्यों और किसानों को मिल रहे लाभ की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में कृषि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। पशु चिकित्सा विभाग की योजनाओं एवं उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।
जल जीवन मिशन के कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
आंगनबाड़ी और पोषण व्यवस्था पर विशेष ध्यान
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों, पोषण व्यवस्था और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। सांसद राधेश्याम राठिया ने आवश्यकता वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही करने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने मातृ स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति बताई। जिले में टीबी मुक्त अभियान के तहत अब तक 168 गांवों को टीबी मुक्त गांव घोषित किया जा चुका है।
जिला अस्पताल सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी बैठक में उल्लेख किया गया। अस्पताल में अब तक 33 हजार से अधिक ओपीडी दर्ज की जा चुकी है। वहीं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 6 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार और सुविधाओं के विस्तार के लिए विभाग के प्रयासों की सराहना की।
शिक्षा से लेकर सड़क और आवास तक योजनाओं की समीक्षा
बैठक में शिक्षा विभाग की पोषण शक्ति निर्माण योजना, न्योता भोजन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली गई। इसके अलावा भू-अभिलेख एवं स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समाज कल्याण, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खाद्य, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। विद्युत, सांख्यिकी, श्रम एवं खेल विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान श्रम विभाग ने जिले में 94 हजार से अधिक श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी दी।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं की जानकारी
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
वहीं रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ नया जिला है और यहां संसाधन अभी सीमित हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को अपने कार्यों में और तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य दिनेश जांगड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिया कमलेश अग्रवाल, पवनी कुलदीप साहू, जनपद पंचायत सारंगढ़ अध्यक्ष ममता ठाकुर, बरमकेला अध्यक्ष विद्या चौहान सहित जिले के सरपंच, जनप्रतिनिधि, दिशा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- रानीडीह के स्वप्निल ने रचा इतिहास, वुशु में मिला राज्य खेल अलंकरण… - August 31, 2026
- डीएमएफ पर महामंथन, खनिज प्रभावित क्षेत्रों में विकास को मिलेगी रफ्तार… - August 31, 2026
- दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसदों ने दिए सख्त निर्देश… - August 31, 2026
