सारंगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अपराध नियंत्रण और पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेंद्र पटेल के निर्देशन में इसी क्रम में 31 अगस्त 2026 को थाना सारंगढ़ में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, आदतन अपराधियों, अवैध शराब विक्रेताओं तथा पूर्व में मारपीट सहित विभिन्न अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की परेड एवं निगरानी बैठक आयोजित की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अनुविभाग सारंगढ़ के अंतर्गत थाना कोतवाली, कोसीर, केडार एवं चौकी कनकबीरा क्षेत्र के संबंधित व्यक्तियों को लेकर की गई। बैठक में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सारंगढ़ श्री गोविंद दीवान, थाना प्रभारी कोतवाली श्री प्रमोद यादव एवं चौकी प्रभारी कनकबीरा श्री टीकाराम खटकर ने उपस्थित पूर्व अपराधियों से बातचीत कर उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की समझाइश
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति को केवल कानूनी मुश्किलों में ही नहीं डालता, बल्कि धीरे-धीरे उसे परिवार, रिश्तेदारों और समाज से भी दूर कर देता है। आपराधिक गतिविधियों के कारण व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होती है और इसका खामियाजा उसके परिवार को भी भुगतना पड़ता है।
पूर्व में अपराधों में सजा काटकर वापस आए लोगों को विशेष रूप से समझाइश देते हुए कहा गया कि वे पुरानी गलतियों को पीछे छोड़कर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें। अपने और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत एवं ईमानदारी से जीविकोपार्जन करें तथा गलत संगति से पूरी तरह दूर रहें।
दोबारा अपराध किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अपराध में संलिप्त पाया जाता है या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल होता है, तो उसके विरुद्ध कानून के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को अपने कृत्यों के लिए दंड भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
जिला पुलिस की इस प्रकार की परेड एवं निगरानी बैठक का उद्देश्य केवल पूर्व अपराधियों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि उनमें कानून का भय और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना भी है। पुलिस ने पूर्व अपराधियों को अपराध का रास्ता छोड़कर परिवार के साथ शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन जीने का संदेश दिया।



- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती से बदमाशों में खौफ, सारंगढ़ में हुई अपराधियों की परेड… - August 31, 2026
- बिलासपुर में क्यों पड़ा नगझर का रिकॉर्ड? सक्ती में स्थानांतरण की उठी मांग… - August 31, 2026
- राहुल गांधी पर FIR दर्ज कराना लोकतंत्र की हत्या -बिनोद भारद्वाज भाजपा की दमनकारी नीति का सड़क से कोर्ट तक देंगे जवाब.. - August 31, 2026
