सारंगढ़। पुलिस विभाग में लगभग 38 वर्षों तक कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देने वाले जिला रिजर्व पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्ति अवसर पर कार्यालय पुलिस अधीक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित कर उनकी दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं को सम्मानपूर्वक याद किया गया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल, डीएसपी (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस एवं रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और सेतराम सिदार को भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल ने प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार की कर्तव्यनिष्ठा एवं लंबे सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक पूरी निष्ठा से सेवा देना अपने आप में गौरव की बात है। इस अवसर पर उन्होंने सिदार को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा पुलिस विभाग की ओर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद पारिवारिक जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

1988 में भर्ती, दशकों तक निभाई जिम्मेदारी
विदाई समारोह के दौरान अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार ने बताया कि उनकी पुलिस विभाग में भर्ती वर्ष 1988 में अविभाजित रायगढ़ जिले में हुई थी। इसके बाद उन्हें लंबे समय तक सारंगढ़ क्षेत्र में सेवाएं देने का अवसर मिला। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान पुलिसिंग व्यवस्था में आए बदलावों को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि बीते दशकों में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, तकनीक और संसाधनों में काफी सकारात्मक परिवर्तन आया है। इस पूरे सफर में वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों से मिले सहयोग को उन्होंने अपनी सेवा यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
सहकर्मियों ने नम आंखों से दी विदाई
समारोह के समापन अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए अनुभवों को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी। इस दौरान सेतराम सिदार के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
लगभग चार दशक तक वर्दी पहनकर पुलिस विभाग की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हुए सेतराम सिदार की सेवा यात्रा को विभागीय साथियों ने सम्मान और गौरव का विषय बताते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
- डिजिटल ठगों पर पुलिस का प्रहार, 4500 लोगों को साइबर सुरक्षा का पाठ… - August 31, 2026
- सारंगढ़:38 साल की खाकी सेवा को सलाम, भावभीनी विदाई के साथ सेवानिवृत्त हुए प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार… - August 31, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती से बदमाशों में खौफ, सारंगढ़ में हुई अपराधियों की परेड… - August 31, 2026
