सारंगढ़ बिलाईगढ़, 29 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को नई पहचान देने के लिए मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेशभर के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के माध्यम से पात्र कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला अर्थात पारंपरिक व्यंजन तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला एवं श्रृंगार से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन भेजते समय लिफाफे के ऊपर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक होगा।
योजना के तहत प्राप्त आवेदनों एवं प्रविष्टियों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य रहेगा। चयनित कलाकारों को प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से सीधे प्रदान की जाएगी। यह राशि एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार दी जाएगी।
योजना का लाभ केवल उन कलाकारों को मिलेगा, जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करनी होगी।
आवेदन भेजने का पता है—संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018।
संचालक संस्कृति डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को प्रोत्साहित करना, कलाकारों को सम्मान और आर्थिक संबल प्रदान करना तथा कला दलों के सतत विकास को नई गति देना है।
मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना लोक कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का एक सुनहरा अवसर है। इससे न केवल कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिलेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की अनमोल लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा संरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी। इच्छुक कलाकारों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 से पहले आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन अनिवार्य रूप से भेज दें।

- अटल बाजार बना शराबियों का अड्डा, कोसीर पुलिस की दबिश… - August 29, 2026
- लोक कलाकारों के लिए सुनहरा मौका: 31 अगस्त तक करें आवेदन, मिलेंगे सालाना 24 हजार रुपये तक… - August 29, 2026
- कॉलेज प्रवेश की बड़ी राहत! अब 31 अगस्त तक मिलेगा दाखिला… - August 29, 2026
