कन्नड़ अभिनेता यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में बनी हुई है. फिल्म ने पहले दिन शानदार कमाई करते हुए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर लिया था.

हालांकि, दूसरे दिन इसकी कमाई में बड़ी गिरावट देखने को मिली और फिल्म पहले दिन की आधी कमाई भी नहीं कर पाई. इसके बावजूद ‘टॉक्सिक’ ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 2026 का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
दूसरे दिन इतनी हुई ‘टॉक्सिक’ की कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, यश की ‘टॉक्सिक’ ने दूसरे दिन 37.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. वहीं पहले दिन फिल्म ने 101.10 करोड़ रुपये कमाए थे. इस तरह भारत में दो दिनों के अंदर फिल्म की कुल नेट कमाई 138.75 करोड़ रुपये हो गई है. ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 19.75 करोड़ रुपये कमाए हैं. इसके साथ ही ‘टॉक्सिक’ का दो दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 185.60 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई
‘टॉक्सिक’ की कमाई में हिंदी भाषा का बड़ा योगदान रहा है. फिल्म ने हिंदी में अब तक 79.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. पहले दिन हिंदी में फिल्म ने 55.40 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि दूसरे दिन इसका कलेक्शन करीब 24 करोड़ रुपये रहा. दूसरी भाषाओं की बात करें तो फिल्म ने कन्नड़ में 31.80 करोड़, तेलुगु में 19 करोड़, तमिल में 7 करोड़ और मलयालम में 1.70 करोड़ रुपये की कमाई की है.
हिंदी में 2026 की 9वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
कोईमोई के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ दूसरे दिन की कमाई के बाद हिंदी में 2026 की 9वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. फिल्म ने 65.15 करोड़ रुपये कमाने वाली ‘मैं वापस आऊंगा’ को पीछे छोड़ दिया है.
हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में ‘धुरंधर 2’ 1186.32 करोड़ रुपये के साथ पहले नंबर पर है. इसके बाद ‘बॉर्डर 2’ 362.76 करोड़, ‘भूत बंगला’ 199.23 करोड़, ‘धमाल 4’ 177.92 करोड़, ‘आवारापन 2’ 149.48 करोड़, ‘वेलकम टू द जंगल’ 137.93 करोड़, ‘कॉकटेल 2’ 104.53 करोड़ और ‘ओ रोमियो’ 83.35 करोड़ के साथ शामिल हैं. ‘टॉक्सिक’ 79.4 करोड़ रुपये के साथ 9वें नंबर पर है.
फिल्म को मिले-जुले रिव्यू
‘टॉक्सिक’ को दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है. रिलीज से पहले फिल्म को लेकर काफी चर्चा थी, जिसका फायदा इसे पहले दिन मिला और फिल्म ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली. हालांकि, दूसरे दिन इसकी कमाई में काफी गिरावट देखने को मिली.
फिल्म को रक्षाबंधन की छुट्टी का फायदा भी मिला है. ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया नजर आई हैं. यश और कियारा के कुछ इंटीमेट सीन सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं और इन्हें लेकर कियारा को ट्रोल भी किया जा रहा है. फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं.
- भाद्रपद की पहली एकादशी कब है? बन रहा सर्वार्थ सिद्धि योग, व्रत-पूजा से मिटेंगे सब कष्ट, मिलेगा राजसुख! देखें तारीख, मुहूर्त… - August 29, 2026
- सीने में दर्द नहीं फिर भी हो सकता है हार्ट अटैक! शरीर के इन खतरनाक संकेतों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज… - August 29, 2026
- जिम जाने वाले भाइयों के लिए बनाएं शुगर-फ्री पीनट बटर लड्डू, देखें पूरी रेसिपी… - August 29, 2026
