सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 अगस्त 2026। जिले में समाज कल्याण विभाग के कार्यों के साथ-साथ जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों में स्वेच्छा से बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने वाले गणेशु साहू ने दिव्यांगजनों की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से “विकासखंड स्तरीय दिव्यांग कल्याण समिति, ग्राम सिलियारी, तहसील सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़” का पंजीयन कराया है।
दिव्यांगजन सेवा, कल्याण और सशक्तिकरण के उद्देश्य से गठित इस समिति के अध्यक्ष गणेशु साहू बनाए गए हैं। समिति में सावित्री तिवारी उपाध्यक्ष, नंदकुमार साहू सचिव, त्रिलोचन चौहान कोषाध्यक्ष तथा फुल कुमारी यादव, सुमन निषाद, लेखराम जांगड़े और नम्मू लाल लहरे सदस्य के रूप में शामिल हैं।
समिति के सदस्यों ने ग्राम सिलियारी में रक्षाबंधन पर्व भी हर्षोल्लास और खुशहाली के साथ मनाया। इस दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे और दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
समिति का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर सामाजिक सेवा करना तथा शासन द्वारा संचालित दिव्यांगजन हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। संस्था दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ दिव्यांग प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड बनवाने में सहयोग कर रही है।
इसके अलावा दिव्यांगजनों को पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने, सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन देने, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए जा रहे हैं। समिति दिव्यांगजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी सहायता करने का प्रयास कर रही है।
ग्राम सिलियारी से शुरू हुई यह पहल क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है।
- बचपन के स्कूल पहुंचीं जिपं सदस्य शिवा साहू, यादें हुईं ताजा… - October 13, 2026
- मां अड़भार अष्टभुजी के दरबार में अग्रवाल ऐरन परिवार ने टेका मत्था… - October 13, 2026
- ‘मेरा वोट, मेरी ताकत’ का संदेश, युवाओं को दिलाई मतदान की शपथ… - October 13, 2026
