सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 अगस्त 2026। देश में खेल संस्कृति को विकसित करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के 1600 केंद्रों पर युवाओं और खेल प्रतिभाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय डोंगरीपाली में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षक, माई भारत वॉलंटियर, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, नई दिल्ली, मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित “खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात पीएम मोदी के साथ” कार्यक्रम के लिए जिले के जिन दो शैक्षणिक संस्थानों का चयन किया गया, उनमें डोंगरीपाली का स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय भी शामिल रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् की धुन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं खेल प्रतिभाओं का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा, जिसका सीधा प्रसारण उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों को दिखाया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘खेलो इंडिया’ देश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का एक प्रभावी मंच बन चुका है। यह युवा खिलाड़ियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रहा है। उनके संबोधन ने युवाओं में खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके खेल योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश में तेजी से बदलती खेल संस्कृति, मजबूत खेल इकोसिस्टम और बुनियादी ढांचे के विकास से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जुड़ने और बेहतर अवसर प्राप्त करने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं, खेल प्रतिभाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच खेल विकास की नई संभावनाओं, चुनौतियों, बाधाओं और अवसरों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर 200 से अधिक युवा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। राष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पराज सिंह बरिहा, जुगेन्द्र प्रसाद साहू, शारीरिक शिक्षक दिनेश कुमार पटेल, यशवंत कुमार यादव, संगीता यादव, शिव कुमार बधेल, किशन चौधरी, देवेन्द्र प्रधान, पुरुषोत्तम पाण्डे, पास्कल केरकेट्टा और पुरन्दर पटेल सहित अन्य प्रतिभागियों ने खेलों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में तीरंदाजी में स्वर्ण पदक विजेता कु. सौम्या भोय ने तिरुपति बालाजी से ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर संवाद किया और खेल के क्षेत्र में अपने अनुभव, चुनौतियों तथा उपलब्ध अवसरों को साझा किया।
रासेयो जिला संगठक एवं पं. लोचनप्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय सारंगढ़ के प्राचार्य लोकेश्वर पटेल, अतिथि प्राध्यापक प्रसन्न कुमार शर्मा, रासेयो स्वयंसेवकों तथा माई युवा भारत एवं जीओवी पोर्टल में 3 लाख से अधिक अंक अर्जित कर डायमंड बैज प्राप्त करने वाली संस्था की भूतपूर्व छात्रा पूजा प्रधान ने भी युवाओं को संबोधित किया।
जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सहोद्रा सिदार, सरपंच बसंत चौधरी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष मोहनलाल पटेल, सदस्य उपेन्द्र बरिहा, राजकुमार पटेल, जितेन्द्र पण्डा, अरुण अग्रवाल, माई भारत वॉलंटियर रोशन पटेल तथा रासेयो स्वयंसेवक प्रेमराजदीप ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, मेरा युवा भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना भारत-छत्तीसगढ़, रासेयो शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़, कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं जिला शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्य उग्रसेन चौधरी के मार्गदर्शन में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एवं खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम संयोजक हेमलता मालाकार तथा तकनीकी व्याख्याता डोलामणी मालाकार के तकनीकी सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के व्याख्याता जसवंत सिंह, अमृतलाल बरिहा, राजीव कुमार पटेल, लखन कुमार पटेल, सहायक शिक्षक साधना सिंह, रीना प्रधान सहित स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के भाग्यवंत बरिहा, बेदराम पटेल, भुवनेश्वर पटेल, मनीषा नंद एवं अजय साहू का सराहनीय सहयोग रहा।



- दिव्यांगजनों की सेवा को नई उड़ान, सिलियारी में कल्याण समिति का गठन… - August 28, 2026
- नाम पूछो तो आवेदन दो! बरमकेला जनपद की ‘गोपनीय’ व्यवस्था पर सवाल… - August 28, 2026
- खेलो इंडिया संवाद से गूंजा डोंगरीपाली, युवाओं में खेलों का जोश…. - August 28, 2026
