सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जीवन मिशन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड बिलाईगढ़ की ग्राम पंचायत खुरदरहा एवं आश्रित ग्राम चचरेल में जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल संरक्षण और पेयजल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
ग्राम पंचायत खुरदरहा के कार्यालय में आयोजित ग्रामसभा में सरपंच श्रीमती रजनी साहू, उपसरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में जल जीवन मिशन के उद्देश्यों तथा पेयजल योजनाओं के सुचारु संचालन को लेकर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के साथ-साथ जल आपूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु बनाए रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, पेयजल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा निर्धारित जलकर का नियमित भुगतान करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन के महत्व से अवगत कराते हुए हैंडपंपों एवं घरों के आसपास सोख्ता गड्ढों का निर्माण कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वर्षा का पानी जमीन में समा सके और भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद मिले।
कार्यक्रम के दौरान भूजल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने की अपील भी की गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि जल स्रोतों की स्वच्छता, पानी की बचत और जल संरचनाओं का उचित रखरखाव भविष्य में पेयजल संकट को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
जल अर्पण दिवस के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि जल संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनभागीदारी, नियमित देखरेख और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग से ही जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।

- जेलपारा में लगेगा सेवा सेतु शिविर, योजनाओं का मिलेगा लाभ… - October 12, 2026
- खुरदरहा-चचरेल में जल अर्पण दिवस, जल संरक्षण का दिया संदेश… - October 12, 2026
- सेवा संकल्प अभियान: कोसीर में स्वच्छता और हरियाली का संदेश… - October 12, 2026
