सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 अगस्त 2026। जिले के किसानों को शासन की योजनाओं का बेहतर और समयबद्ध लाभ पहुंचाने तथा आगामी रबी सीजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को कार्यालय उप संचालक कृषि, जिला सारंगढ़ में जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कृषि स्थायी समिति की सभापति अभिलाषा नायक ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित कृषि, पशुधन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की प्रगति और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कृषि विभाग ने बताया कि जिले में इस वर्ष अब तक सामान्य से लगभग 154 प्रतिशत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। साथ ही किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सहकारी समितियों में यूरिया, डीएपी एवं एमओपी सहित प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जैविक खेती मिशन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, सॉयल हेल्थ कार्ड, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड, आत्मनिर्भर दलहन मिशन एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. महेंद्र कुमार पांडे ने विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सालर एवं कोसीर में गोधाम निर्माण का कार्य किया जा रहा है। वहीं अमझर, गोड़म, अमलडीहा, धनसीर, उलखर एवं कौलाझर में गौशाला स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विभाग में स्वीकृत 49 पदों के विरुद्ध वर्तमान में 35 पद रिक्त होने की जानकारी भी बैठक में दी गई। इसके बावजूद पशुओं का नियमित टीकाकरण एवं उपचार कार्य निरंतर जारी है।
पशु उपचार के लिए टोल-फ्री नंबर 1962 तथा आवारा पशुओं से संबंधित सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है। महिला समूहों को दुग्ध उत्पादन से जोड़ने के लिए दो-दो गाय उपलब्ध कराने, मिल्क कलेक्शन एवं पशुपालन गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। नस्ल सुधार के लिए जिले में 31,890 कृत्रिम गर्भाधान किए जाने की उपलब्धि भी सामने आई।
मत्स्य विभाग के सहायक संचालक एन.पी. ओगरे ने मत्स्य पालन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कृषकों के लिए प्रशिक्षण, झींगा पालन, मत्स्य संवर्धन, जाल वितरण, पोंड लाइनर, समिति अनुदान एवं मत्स्य संरक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभाग द्वारा आठ मत्स्य समितियों को अनुदान देने के साथ ही किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्यान विभाग की ओर से ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विक्रम पटेल ने पाम ऑयल प्रदर्शन, हल्दी, मसाला एवं अदरक प्रदर्शन, मल्चिंग वितरण, जैविक खेती, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, माली एवं कृषक प्रशिक्षण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड के तहत जिले को 50 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है, जिसमें से अब तक 20 हेक्टेयर लक्ष्य की पूर्ति की जा चुकी है। इंटीग्रेटेड फार्म हाउस एवं सोलर क्रॉप ड्रायर जैसी आधुनिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में आगामी रबी सीजन की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति अभिलाषा नायक ने विशेष रूप से दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने, उच्च गुणवत्ता वाले बीजों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने और किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया। लंबित कृषक प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण कर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति ने कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास एवं मत्स्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों और हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए, ताकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में राज्य स्तर पर अग्रणी बन सके। बैठक का समापन आपसी समन्वय के साथ कृषक हित में कार्य करने और रबी सीजन की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के संकल्प के साथ हुआ।


- थाना प्रभारी की पैनी नजर, चोरी का पर्दाफाश… तीन आरोपी सलाखों के पीछे… - August 25, 2026
- सारंगढ़:सर्पदंश पीड़ित परिवार को राहत, 4 लाख की सहायता मंजूर… - August 25, 2026
- हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मनपसार, 20 किमी की भव्य कांवड़ यात्रा… - August 25, 2026
