सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरमकेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 4 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 55 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल और सारंगढ़ एसडीओपी श्री गोविंद दीवान के नेतृत्व में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बरमकेला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम कनकीडीपा के मेन रोड पर एमसीपी चेकिंग के दौरान बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद हरे रंग के थैले में चार पैकेट मिले, जिनमें कुल 4 किलोग्राम अवैध गांजा रखा हुआ था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा लगभग 50 हजार रुपये कीमत की एक मोटरसाइकिल और करीब 5 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 2 लाख 55 हजार रुपये आंका गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इदरीश (26 वर्ष), पिता मोहम्मद हाफिज, तथा श्रीकांत सोनी (19 वर्ष), पिता संतोष सोनी, दोनों निवासी ग्राम बिजहा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
इस पूरी कार्रवाई में पीएसआई भारती, एसआई ए.के. बेक, सहायक उपनिरीक्षक लखपति प्रधान, प्रधान आरक्षक क्रमांक 46 धीरहे, आरक्षक सूरज सिदार, प्यारे लाल सहित बरमकेला थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता सामने आई है। सट्टा, अवैध शराब और गांजा तस्करी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
- दो साल बाद मां-बाप से मिला कमलेश, कनकबीरा पुलिस बनी सहारा… - October 12, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की अगुवाई में नशे के सौदागरों पर शिकंजा, 4 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार… - October 12, 2026
- छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का रायपुर में ऐतिहासिक महासम्मेलन सम्पन्न..79 वैष्णव युवक-युवतियों का हुआ परिचय सम्मेलन..श्री रामरंग वैष्णव बने कार्यकारी अध्यक्ष, सविता दास प्रदेश उपमहासचिव..कर्मठ जीतेन्द्र दास वैष्णव को मिली कोषाध्यक्ष की बड़ी ज़िम्मेदारी..उमड़ा वैष्णव जनसैलाब, गूंजी सामाजिक एकता की हुंकार.. - October 12, 2026
