सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 अगस्त 2026। बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम चदलीडीह में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं व विकास कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने चदलीडीह के रामनामी समुदाय के लोगों से भी आत्मीय मुलाकात की। समुदाय के लोगों ने अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही गांव में आवागमन से जुड़ी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रामनामी समुदाय की अनूठी परंपरा और संस्कृति को देखने एवं समझने के लिए देश-विदेश से पर्यटक और शोधकर्ता भी चदलीडीह पहुंचते हैं। ऐसे में गांव तक बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
रामनामी समुदाय के लोगों ने बताया कि गांव के नाले पर पुलिया नहीं होने से आवागमन में काफी परेशानी होती है। विशेषकर बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने नाले पर फुल पुलिया निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्रामीणों एवं रामनामी समुदाय की मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की जरूरतों एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए जनहित के जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने भी ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। दौरे के दौरान सड़क, आवागमन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण को लेकर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को मौके पर प्राप्त मांगों एवं समस्याओं का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चदलीडीह दौरे को ग्रामीणों ने विकास की दिशा में सकारात्मक पहल बताया और उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
- कर्मचारियों की हो गई बल्ले-बल्ले: 8वें वेतन आयोग में 3.833 फिटमेंट फैक्टर पर लगी मुहर? - October 12, 2026
- स्मृति मंधाना के कप्तानी करियर की होगी शुरुआत, जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए रायपुर पहुंची टीम इंडिया… - October 12, 2026
- साय सरकार ने दिवाली से पहले बोनस को लेकर लिया बड़ा फैसला, किसानों को पहले के मुकाबले मिलेगा ज्यादा, जानिए प्रति क्विंटल कितनी बढ़ गई रकम… - October 12, 2026
