सारंगढ़। शिक्षक साझा मंच के आह्वान पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता, सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता, वेतन विसंगति सहित विभिन्न शिक्षक समस्याओं को लेकर जिले के तीनों विकासखंडों में एक साथ धरना-प्रदर्शन, रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षकों ने ब्लॉक मुख्यालयों में रैली निकालकर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
शिक्षक साझा मंच के जिलाध्यक्ष संकीर्तन नंद ने 22 अगस्त के आंदोलन को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि शिक्षकों ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया है कि वे अपनी सेवा सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से लड़ेंगे। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षक अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। आगामी 29 अगस्त को प्रस्तावित जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों से शामिल होने की अपील की गई है।
कार्यक्रम को विभिन्न शिक्षक संगठनों का भी समर्थन मिला। इस दौरान जिला ओमप्रकाश भारद्वाज, लूकेश्वर प्रसाद साहू, जिला सचिव सूरज कुमार सारथी, संजय मिश्रा एवं देवकी चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रदेश महामंत्री मनीष डडसेना एवं प्रदेश संयुक्त सचिव बुधनी अजय ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षकों का आंदोलन किसी व्यवस्था को बाधित करने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था को अधिक न्यायपूर्ण बनाने और शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए है। उन्होंने प्रदेश के 146 विकासखंडों में एक साथ आयोजित कार्यक्रम को शिक्षक एकता और संगठनात्मक शक्ति का व्यापक प्रदर्शन बताया।
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष सतीश चौहान, सरयूकांत बंजारे एवं पवन पटेल ने शासन से शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों शिक्षकों और उनके परिवारों के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता को समाप्त किया जाना आवश्यक है।
शिक्षक साझा मंच ने स्पष्ट किया है कि सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता, TET एवं शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान तक संघर्ष लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। 22 अगस्त का आंदोलन इस बात का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है कि शिक्षक अब अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए संगठित होकर आगे की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

- कलेक्टर पहुंचीं चदलीडीह, रामनामी समुदाय की समस्याएं सुनीं…पुलिया निर्माण सहित विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद… - August 23, 2026
- सारंगढ़ की बेटी सुनीता का राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन… - August 23, 2026
- सेवा संकल्प अभियान से जुड़ेगा जन-जन, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा कार्य… - August 23, 2026
