सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में आईजी श्री गर्ग ने अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा आमजन को बेहतर और संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी, संवेदनशील इलाकों में प्रभावी पुलिस उपस्थिति तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
आईजी ने विभिन्न पुलिस पोर्टल एवं ऑनलाइन सिस्टम में सभी प्रविष्टियों को समयबद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्तर के अभिलेखों और ऑनलाइन रिकॉर्ड में समानता बनाए रखने तथा तकनीकी प्रणालियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही।

एसपी सुनील शर्मा ने दिए तत्काल अमल के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने रिकॉर्ड और पुलिस पोर्टलों की प्रविष्टियां दुरुस्त रखने के साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देने कहा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल, एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। आईजी के मार्गदर्शन और एसपी के स्पष्ट निर्देशों से जिले के पुलिस बल में बेहतर कार्य करने के लिए नई ऊर्जा का संचार हुआ है।


