सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 अगस्त 2026। दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों के ऐसे मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जो विभिन्न व्यावहारिक कारणों से निर्धारित समय सीमा में कॉलेज में प्रवेश नहीं ले सके थे। छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है।
प्रदेश के जिन शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में अभी भी सीटें रिक्त हैं, वहां पात्र विद्यार्थी अब 31 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है। शासन के इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है और उनका एक वर्ष खराब होने से बच सकेगा।
ग्रामीण विद्यार्थियों को विशेष राहत
उल्लेखनीय है कि दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थी आर्थिक, पारिवारिक, आवागमन सहित अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। वहीं, निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं।
इस स्थिति को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को एक और अवसर देने का निर्णय लिया है। अब पात्र विद्यार्थी संबंधित महाविद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
पहले 14 अगस्त तक थी अंतिम सीमा
इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की समय सीमा 31 जुलाई 2026 तक निर्धारित थी, जबकि कुलपति की अनुमति से विद्यार्थियों को 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश दिया जा सकता था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद महाविद्यालयों में सीटें खाली रहने तथा कई विद्यार्थियों के प्रवेश से वंचित रहने की स्थिति को देखते हुए शासन ने तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया।
नई व्यवस्था के तहत अब 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश का अवसर मिलने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। शासन के इस निर्णय से उच्च शिक्षा से वंचित होने की आशंका झेल रहे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
