सारंगढ़। नगर में तेज रफ्तार वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन वाहन चालकों की लापरवाही, गलत दिशा में वाहन चलाने और अचानक ओवरटेक करने जैसी घटनाएं लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं।
इसी बीच सारंगढ़ के रायगढ़ रोड स्थित एक्सिस बैंक के पास एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे खेत में मजदूरी कर पैदल अपने घर लौट रही करीब 8 से 10 महिलाओं को एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में चार महिलाएं वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी महिलाएं सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 11 एवं 12 की निवासी और गरीब आदिवासी परिवारों से संबंधित बताई जा रही हैं।
घटना के संबंध में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हादसे की स्थिति स्पष्ट दिखाई देने की बात कही जा रही है। दुर्घटना में घायल महिलाओं को तत्काल सारंगढ़ जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर और चिंताजनक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बताया गया कि दुर्घटना में शामिल वाहन क्रमांक CG-13 AY 5386 है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में भी कार्रवाई करते हुए चालान काटे जाने की जानकारी सामने आई है।

इलाज के भरोसे के बाद बदला रुख, मामला कोर्ट में निपटाने की बात
हादसे के बाद मामले में आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष रामनाथ सिदार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अजय बंजारे तथा वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में आरोपी वाहन चालक और उसके परिजनों, जिसमें उसके बड़े भाई भी शामिल बताए गए हैं, से बातचीत हुई थी।
बातचीत के दौरान आरोपी पक्ष की ओर से घायल महिलाओं के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिए जाने की बात कही गई। परिजनों को यह आश्वासन दिया गया था कि घायल लोगों के उपचार की जिम्मेदारी वे स्वयं उठाएंगे और पीड़ित परिवारों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
हालांकि अब आरोप है कि इलाज कराने का भरोसा देने के बाद आरोपी पक्ष अपने आश्वासन से पीछे हट गया है और मामले को कोर्ट में निपटाने की बात कही जा रही है। इससे पीड़ित परिवारों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
न्याय के लिए आंदोलन की चेतावनी
आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष रामनाथ सिदार ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अजय बंजारे ने कहा कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करना पड़ा तो वे पीछे नहीं हटेंगे।
अब देखना होगा कि हादसे में घायल महिलाओं के उपचार और पीड़ित परिवारों की सहायता को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं। वहीं पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ मामले में पीड़ितों को उचित न्याय और उपचार की सुविधा मिलना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
