बिलाईगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भंडोरा में बिजली बिलों में लगातार हो रही वृद्धि एवं स्मार्ट मीटर से जुड़ी आम जनता की समस्याओं को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिलाईगढ़ के अध्यक्ष लकेश्वर देवांगन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनसंवाद के दौरान किसान, मजदूर, महिलाएं एवं ग्रामीणों ने बिजली बिलों में आ रही अनियमितता, स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, बिजली खपत और बढ़े हुए बिलों से संबंधित अपनी समस्याएं कांग्रेस नेताओं के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने कहा कि कांग्रेस संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं और जनता के बीच मजबूत संबंधों में है। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुननी चाहिए और उनके समाधान के लिए लगातार संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।
संगठन को मजबूत बनाने पर भी हुई चर्चा
इसी दौरान ग्राम भंडोरा में पुरगांव मंडल कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बूथ स्तर तक कांग्रेस की गतिविधियों को सक्रिय करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प लिया गया।
मंडल कांग्रेस कमेटी पुरगांव के अध्यक्ष अरविंद मनोहर के मंडल अंतर्गत ग्राम भंडोरा में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर जनता से संवाद बढ़ाने और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हित और अधिकारों के लिए कांग्रेस की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। ग्रामीणों से प्राप्त बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों को संकलित कर उचित स्तर पर रखने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया।


- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
