सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी परियोजना अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कुपोषण मुक्ति अभियान, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, बाल संदर्भ शिविर तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा करते हुए बताया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रदेश में 8वें स्थान पर है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों में और तेजी लाने तथा बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कुपोषित बच्चों की निगरानी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कुपोषित बच्चों को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजना अधिकारी कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी करें और उन्हें बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। पात्र बच्चों को बाल संदर्भ शिविरों में शामिल कराने तथा गंभीर कुपोषित बच्चों के कार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिले के प्रत्येक सेक्टर में बाल संदर्भ शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि कुपोषित एवं जरूरतमंद बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार और पोषण सेवाओं से जोड़ा जा सके।
PM मातृ वंदना योजना की खराब प्रगति पर नाराजगी
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कमियों को दूर कर योजना के क्रियान्वयन में सुधार लाने और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, राणा विजय, महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी उत्तम साहू सहित जिले के सभी परियोजना अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
