सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कलाकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पाक कला तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला से जुड़े पात्र कलाकार इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा संचालक संस्कृति डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में संचालित इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। योजना के माध्यम से लोक कलाकारों को अपनी कला को आगे बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

31 अगस्त अंतिम तिथि
इच्छुक कलाकार निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन प्रपत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। लिफाफे के ऊपर स्पष्ट रूप से “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” अंकित करना अनिवार्य होगा। प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
अधिकतम 24 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि
योजना के तहत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य है। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि एक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।
योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र लगाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करनी होगी।
इस पते पर भेजें आवेदन
प्रविष्टियां संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018 के पते पर पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजी जा सकती हैं।
मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना प्रदेश की लोक कला परंपराओं के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे प्रदेश के पारंपरिक कलाकारों को आर्थिक सहयोग के साथ अपनी कला को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
- जुआ के फड़ पर सारंगढ़ पुलिस का शिकंजा, 6 जुआरी गिरफ्तार… - August 21, 2026
- कोचिंग से कॉलेज तक पहुंची शासन की योजनाओं की किताबें, युवाओं में बढ़ेगी जागरूकता… - August 21, 2026
- सारंगढ़:कुपोषण पर कलेक्टर सख्त, PM मातृ वंदना की खराब प्रगति पर जताई नाराजगी… - August 21, 2026
