सारंगढ़। रायपुर के वृंदावन हॉल में साहित्य सृजन संस्थान के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर 23 अगस्त को भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के साहित्यकार एवं कवि अपनी रचनाओं का काव्य पाठ करेंगे। इसके साथ ही साहित्य, समाजसेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे को उनके दीर्घकालीन पत्रकारिता एवं साहित्यिक योगदान के लिए “श्रेष्ठ पत्रकार सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा। रायपुर साहित्य सृजन संस्थान के अध्यक्ष वीर अजीत शर्मा ने श्री लहरे को समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
लक्ष्मीनारायण लहरे पिछले 26-27 वर्षों से साहित्य सृजन और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और रचनात्मक साहित्य को लगातार सामने लाने का कार्य किया है। पत्रकारिता के साथ-साथ वे साहित्य के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
काव्य क्षेत्र में “काव्य श्री लक्ष्मीनारायण लहरे ‘साहिल’” के नाम से सक्रिय श्री लहरे को हिंदी साहित्य एवं सेवा के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा छत्तीसगढ़ काव्य रत्न, काव्य श्री, काव्य गौरव, साहित्य कला रत्न और दबंग हिंदी सेवा सम्मान सहित अनेक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वे समाज के सजग प्रहरी के रूप में निरंतर सक्रिय रहते हुए साहित्य और पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
“यह सम्मान मेरे अग्रज संपादकों और पत्रकार साथियों का सम्मान”
‘श्रेष्ठ पत्रकार सम्मान 2026’ के लिए चयनित होने पर लक्ष्मीनारायण लहरे ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि उनके अग्रज संपादकों और पत्रकार साथियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सारंगढ़, रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों के वरिष्ठ संपादकों एवं पत्रकार साथियों ने उनके संवाद और खबरों को पाठकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि वे इस सम्मान को अपने सभी अग्रजों और पत्रकार साथियों का सम्मान मानते हैं। पत्रकार साथियों से मिलने वाला स्नेह और सहयोग उन्हें लगातार सक्रिय होकर साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
साहित्य सृजन संस्थान के स्थापना दिवस पर आयोजित यह अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह साहित्य और पत्रकारिता से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। समारोह में देशभर से साहित्यकारों और कवियों की सहभागिता रहेगी।

- जुआ के फड़ पर सारंगढ़ पुलिस का शिकंजा, 6 जुआरी गिरफ्तार… - August 21, 2026
- कोचिंग से कॉलेज तक पहुंची शासन की योजनाओं की किताबें, युवाओं में बढ़ेगी जागरूकता… - August 21, 2026
- सारंगढ़:कुपोषण पर कलेक्टर सख्त, PM मातृ वंदना की खराब प्रगति पर जताई नाराजगी… - August 21, 2026
