सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम फरसवानी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की टीबी संबंधी जांच के साथ उन्हें बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार को लेकर जागरूक किया गया।

131 ग्रामीणों का कराया गया एक्स-रे
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की जांच की। आवश्यकतानुसार एक्स-रे भी कराया गया। शिविर में 57 पुरुषों एवं 74 महिलाओं सहित कुल 131 ग्रामीणों का एक्स-रे किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच, परामर्श और समय पर उपचार से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की।
गांव-गांव पहुंच रहा स्वास्थ्य विभाग
जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा डोर-टू-डोर विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षणों और बचाव की जानकारी दे रही हैं। साथ ही संदिग्ध मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों की जल्द पहचान, समय पर उपचार और संक्रमण के प्रसार को रोकना है।
लक्षण दिखें तो तत्काल कराएं जांच
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर लोगों की जांच की जा रही है, जिससे संभावित मरीजों की पहचान बीमारी के शुरुआती चरण में ही की जा सके।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, भूख कम लगना अथवा रात में पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने कहा कि टीबी का समय पर उपचार पूरी तरह संभव है। मरीज उपचार के दौरान चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाइयों का नियमित सेवन करें और उपचार बीच में न छोड़ें।
- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
