सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के अंतर्गत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, पारंपरिक पाक कला एवं सौंदर्यकला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
योजना के लिए आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट www.cgculture.in तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड एवं पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।
संचालक संस्कृति डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में संचालित यह योजना लोक कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उनकी कला को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। इससे प्रदेश की लोक कला परंपराओं के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

