सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभागीय पोर्टल postmatric-scholarship.cg.nic.in पर 1 अगस्त 2026 से नवीन आवेदन ऑनलाइन जमा किए जा रहे हैं। वहीं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीनीकरण की प्रक्रिया जून माह से प्रारंभ हो चुकी है।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के निर्देशन, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेवे के नेतृत्व में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सहित देश के अन्य राज्यों में अध्ययनरत छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

यह है छात्रवृत्ति की पात्रता
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के दौरान सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र तथा अध्ययनरत पाठ्यक्रम के विगत वर्ष का परीक्षा परिणाम आवश्यक रूप से संलग्न करना होगा।
आधार सीडेड बैंक खाते की जानकारी जरूरी
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित प्रणाली से किया जा रहा है। विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करते समय यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका बचत बैंक खाता सक्रिय हो तथा बैंक खाता आधार से सीडेड हो। आवेदन में आधार सीडेड बैंक खाते का सही खाता नंबर दर्ज करना आवश्यक है।
NSP से OTR लेना अनिवार्य
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए NSP पोर्टल से OTR (One Time Registration) प्राप्त करना आवश्यक किया गया है। इसके लिए राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अवलोकन किया जा सकता है।
विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर ऑनलाइन आवेदन करें और आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज एवं बैंक खाते की जानकारी सही-सही दर्ज करें, ताकि छात्रवृत्ति का भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
छात्रवृत्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग कार्यालय, कोसीर रोड, कॉलेज के पास, सारंगढ़ में संपर्क कर सकते हैं।
