बरमकेला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में जिले में कुपोषण उन्मूलन की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों को नई मजबूती मिली है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण गृह (एनआरसी) का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के कुपोषित एवं कमजोर बच्चों को उपचार, पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यभामा नायक, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. विद्या चौहान सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में फीता काटकर एनआरसी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं भगवान धन्वंतरी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई।

कुपोषित बच्चों के लिए बनेगा संजीवनी केंद्र
सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एनआरसी का शुभारंभ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब क्षेत्र के कुपोषित बच्चों को उनकी माताओं के साथ यहां आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय देखभाल मिल सकेगी। डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र कुपोषण से जूझ रहे बच्चों के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कलेक्टर ने लोगों से किया एनआरसी का लाभ लेने का आह्वान
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान, उचित देखभाल और उपचार के माध्यम से उन्हें कुपोषण से बाहर लाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण गृह की शुरुआत की गई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे कुपोषित बच्चों एवं माताओं को एनआरसी तक लाएं और शासन की इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ उठाएं।
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को कुपोषण से मुक्त कर उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एनआरसी के माध्यम से बच्चों को उपचार के साथ पोषण आहार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र में कुपोषण की समस्या से निपटने और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर ने अस्पताल का किया निरीक्षण
एनआरसी के शुभारंभ के बाद कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी एवं आईपीडी की स्थिति की जानकारी ली तथा मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम उमेश कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. विद्या चौहान, जिला पंचायत सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक, सहोद्रा सिदार, मनोहर पटेल, किशोर पटेल, ताराचंद पटेल, गरिमा पटेल, पुनीतराम चौहान, गनेशी चौहान, राजकिशोर पटेल, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश पाणिग्राही, डॉ. संजय पटेल, डॉ. नारायण राठौर, बीपीएम ईश्वर प्रसाद दिनकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- बरमकेला में शुरू हुआ 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण गृह, कुपोषित बच्चों को मिलेगा बेहतर उपचार… - August 20, 2026
- सारंगढ़:महानदी में बाढ़ का मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी बचाव तैयारियों की जमीनी हकीकत… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की मुस्तैदी से अवैध शराब पर शिकंजा, 70 पाउच महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
