बिलाईगढ़। थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने गुमशुदा दो नाबालिग बालिकाओं की तलाश में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए उन्हें जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और लगातार प्रयासों के चलते दोनों बालिकाओं तक पहुंच बनाई गई। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र में 20 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका की मां ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले जाने की आशंका है। इसी प्रकार 23 मार्च 2026 को एक अन्य नाबालिग बालिका के पिता ने थाना बिलाईगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी रात में घर से बिना बताए लापता हो गई है तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की आशंका है।
दोनों मामलों में थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू की। पुलिस टीम लगातार संभावित स्थानों पर पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा कि दोनों बालिकाएं जम्मू-कश्मीर में मौजूद हैं।
जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ श्री सुनील शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेंद्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती दीपिका मिंज के निर्देशन में थाना प्रभारी बिलाईगढ़ ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर पटेल, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा तथा महिला आरक्षक फुलकारी कुर्रे को जम्मू-कश्मीर रवाना किया।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए एक नाबालिग बालिका को आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से नागमणि, जिला जम्मू से बरामद किया। वहीं दूसरी नाबालिग बालिका को आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से ओमपुरा, जिला बड़गांव, जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद किया गया।
दोनों बालिकाओं को बिलाईगढ़ थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान बालिकाओं ने पुलिस को आरोपियों द्वारा उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा मंदिर में शादी करने और दुष्कर्म किए जाने की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों रोशन बंजारे एवं शिवा पटेल को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल दाखिल किया गया।
पुलिस ने दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना बिलाईगढ़ पुलिस की तत्परता, तकनीकी जांच और टीम के लगातार प्रयासों की सराहना की जा रही है। थाना प्रभारी बिलाईगढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिले से हजारों किलोमीटर दूर जम्मू-कश्मीर तक पहुंचकर दोनों नाबालिग बालिकाओं को बरामद कर पुलिस की संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।


