सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 अगस्त 2026। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशन में जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए महानदी तट स्थित सरिया तहसील के ग्राम पोरथ में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान महानदी तट पर नाव एवं आवश्यक बचाव सामग्री के साथ होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया। इसके अलावा स्थानीय नागरिकों के साथ कृषि, पशुपालन, विद्युत, पुलिस, जनसंपर्क, स्वास्थ्य, राजस्व, दूरसंचार एवं खुफिया विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अभ्यास के दौरान बाढ़ में फंसे एवं घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा गंभीर स्थिति वाले मरीजों को अस्पताल से उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि वास्तविक बाढ़ की स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत और बचाव कार्य संचालित कर सकें।
मॉक ड्रिल में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, एसडीएम उमेश साहू एवं बाढ़ राहत की नोडल अधिकारी वर्षा बंसल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रशासन ने इस अभ्यास के जरिए बाढ़ जैसी आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय की तैयारियों का जायजा लिया।
जिला प्रशासन की इस पहल से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संभावित आपदा के दौरान जान-माल की सुरक्षा तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।



- सारंगढ़:महानदी में बाढ़ का मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी बचाव तैयारियों की जमीनी हकीकत… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की मुस्तैदी से अवैध शराब पर शिकंजा, 70 पाउच महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
- रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, बैजयंती लहरे ने दी बधाई… - August 20, 2026
