सारंगढ़: जिले में साइबर अपराधों पर नकेल कसने और आमजन को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सारंगढ़ पुलिस की जनसरोकार पहल के तहत थाना प्रभारी टीकाराम खटकर ने कपरतुंगा स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में “सायबर क्राइम से आजादी” अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में स्कूल के 188 छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक दौर में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल फ्रॉड से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए
अनजान लिंक पर न करें क्लिक, शेयर न करें OTP- खटकर
चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर ने विद्यार्थियों को साइबर ठगों के नए-नए तरीकों (ऑपरेटिंग प्रोसीजर) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह फर्जी लिंक, लॉटरी के लालच, फर्जी कॉल, ओटीपी और सोशल मीडिया पर पहचान छुपाकर ठगी को अंजाम दिया जाता है।
टीआई खटकर ने बच्चों को सख्त हिदायत देते हुए कहा – किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या निजी दस्तावेज कभी साझा न करें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क और फ्रेंड रिक्वेस्ट से बचें।
यदि दुर्भाग्यवश कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
बच्चों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा के पाठ-
कार्यशाला में केवल साइबर अपराध ही नहीं, बल्कि यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय सुरक्षा नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग न करने तथा यातायात संकेतों का निष्ठापूर्वक पालन करने की समझाइश दी।

एसपी सुनील शर्मा की मुस्तैदी से पुलिस बनी ‘जनमित्र’-
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के कड़े निर्देशों और मार्गदर्शन में जिले भर के शिक्षण संस्थानों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जा रहा यह विशेष अभियान पुलिस और जनता के बीच दूरी मिटाने का काम कर रहा है।
स्कूल प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने सारंगढ़ पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्कूली बच्चे न केवल जागरूक बन रहे हैं, बल्कि वे अपने-अपने घरों और मोहल्लों में ‘साइबर एंबेसडर’ की भूमिका निभाकर दूसरों को भी सुरक्षित रखने में मददगार साबित होंगे।




- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
