सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बुधवार को सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम दानसरा, सालर और कनकबीरा का दौरा कर शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन करा रहे किसानों से मुलाकात कर पंजीयन प्रक्रिया का अवलोकन किया और किसानों को अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने दानसरा के प्राथमिक, मिडिल एवं हाईस्कूल तथा कनकबीरा के हायर सेकेंडरी स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। दानसरा प्राथमिक स्कूल में उन्होंने कक्षा तीसरी की एक छात्रा से अंग्रेजी में अपना परिचय देने को कहा। छात्रा ने अंग्रेजी में परिचय देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही छात्रा ने राष्ट्रीय पर्वों एवं राष्ट्रीय प्रतीकों से संबंधित सवालों के भी जवाब दिए।
कलेक्टर ने हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों से पुस्तक वाचन का अभ्यास कराया तथा उनके पाठ्यक्रम, पढ़ाई-लिखाई और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके बाद कलेक्टर ने कनकबीरा स्थित आदिम जाति एवं अनुसूचित विकास विभाग के छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
कनकबीरा हायर सेकेंडरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की नजर जल शुद्धिकरण के लिए लगी उस मशीन पर पड़ी, जो कई वर्षों से बंद थी। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं प्राचार्य को मशीन को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने कनकबीरा अस्पताल का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में मरीजों के उपचार एवं आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
कलेक्टर के इस दौरे से स्पष्ट है कि प्रशासन अब योजनाओं और संस्थानों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सीधे जमीनी स्तर पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहा है। दौरे में एसडीएम, तहसीलदार सहित कृषि, पंचायत, शिक्षा तथा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

- थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की सख्ती का असर, अवैध महुआ शराब के साथ दो शराब कोचिए गिरफ्तार… - August 20, 2026
- एसपी सुनील शर्मा के विजन से बदलेगी जिले मे सुरक्षा की तस्वीर..कपरतुंगा स्कूल में पुलिस की स्पेशल क्लास…चौकी प्रभारी खटकर की क्लास मे 188 छात्र-छात्राएं बने ‘साइबर वॉरियर’… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे की सख्त कार्रवाई, 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त—दो आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
