सारंगढ़। सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने 16 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह ग्राम बगिया पहुंचकर उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सत्संग सतनाम भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। परिषद ने लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से भवन निर्माण की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2025 में संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की तीन दिवसीय भव्य जयंती का आयोजन मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ था। कार्यक्रम के दौरान समाज पर पड़े अतिरिक्त आर्थिक भार की जानकारी देते हुए परिषद की ओर से विशेष आर्थिक सहयोग का अनुरोध किया गया। साथ ही कलेक्टर सारंगढ़ के माध्यम से भेजे गए प्रस्ताव से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
परिषद के अनुसार, मुख्यमंत्री श्री साय ने मामले को सहानुभूतिपूर्वक लेते हुए सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भविष्य में सारंगढ़ आगमन के दौरान सत्संग सतनाम भवन निर्माण की मांग पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान क्षेत्र की लोकप्रिय पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतिनिधिमंडल में परिषद के अध्यक्ष श्री बी.डी. भारद्वाज, उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता श्री रमेश अनंत, श्री लैलून कुमार भारद्वाज सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा समाज की मांग पर सकारात्मक पहल और आर्थिक सहयोग की स्वीकृति मिलने पर सतनामी विकास परिषद ने प्रसन्नता व्यक्त की। परिषद अध्यक्ष श्री बी.डी. भारद्वाज ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग समाज के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को मजबूती देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
