सारंगढ़। जिले में किसानों की फसलों और खेतों का सटीक एवं डिजिटल डेटा तैयार करने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे अभियान शुरू हो गया है। इसी क्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम सालर पहुंचकर किसान के खेत में सर्वे कार्य का भौतिक सत्यापन एवं मौके पर अवलोकन किया।
जिले में 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक डिजिटल क्रॉप सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के 752 गांवों के कुल 5,34,759 खसरों का सर्वे किया जाना है। सर्वे के माध्यम से खेतों में बोई गई फसलों सहित कृषि संबंधी जरूरी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम सालर में खेत का निरीक्षण करते हुए सर्वे प्रक्रिया की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने राजस्व विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सर्वे के दौरान प्रत्येक खेत और फसल का सटीक, वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकलन किया जाए। उन्होंने सर्वे कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों को मौके पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वे करने तथा दर्ज की जा रही जानकारी का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे से तैयार होने वाला डेटा भविष्य में किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कलेक्टर के खेत में पहुंचकर स्वयं सर्वे कार्य का निरीक्षण करने से मैदानी अमले में भी कार्य को गंभीरता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का संदेश गया। जिले में अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए राजस्व विभाग द्वारा मैदानी स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान एसडीएम सारंगढ़ उमेश कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
